अपने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संकल्पित हों : डॉ. वीसी चौहान
देहरादून। प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उत्तराखंड जनता पार्टी (उजपा) के केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. वीसी चौहान ने ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर जारी अपने संदेश में जनसेवी डॉ. वीसी चौहान ने कहा- आप सभी को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ के अवसर पर आइये, संकल्प लें कि धरती मां को हम सदा हरित व स्वच्छ रखेंगे।
यूजेपी अध्यक्ष डॉ. वीसी चौहान ने कहा कि हर साल 5 जून को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य यही है कि अधिक से अधिक लोगों को प्रकृति से जुड़ी समस्याओं के बारे में जागरुक किया जा सके और इसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
जनसेवी डॉ. वीसी चौहान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण से जुड़े उन तमाम मुद्दों के बारे में पता होना चाहिए, जो आने वाले समय में एक बड़ा खतरा बनने जा रहे हैं। आने वाली पीढ़ी को बड़ी समस्याओं से बचाने के लिए समय रहते कड़े कदम उठाना बेहद जरूरी है। इसके लिए सबसे पहला कदम यही होना चाहिए कि हर व्यक्ति पर्यावरण की देखभाल को अपना फर्ज समझे।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि स्वयं भी पौधारोपण करें व अन्य लोगों को भी इस कार्य के लिए जागरूक करें। स्वच्छ-सुरक्षित पर्यावरण हमारे पारिस्थितिकी तंत्र तथा जैव-विविधता को संतुलित व संरक्षित रखता है। आइए, प्राणि मात्र की रक्षा के लिए अपने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संकल्पित हों।


Comments
Post a Comment